एलएनसीटी एंड एस, एलएनसीटी समूह भोपाल के प्रो. (डॉ.) अमितबोध उपाध्याय ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तर भारत (North Zone) में अब तक सर्वाधिक 79 NPTEL ऑनलाइन सर्टिफिकेशन प्राप्त करने वाले लर्नर बनने का गौरव हासिल किया। यह घोषणा 11 जुलाई 2026 को आईआईटी रुड़की के मैक ऑडिटोरियम में आयोजित “NPTEL Star Felicitation” कार्यक्रम के दौरान प्रो. रंजना पठानिया, कोऑर्डिनेटर, NPTEL, IIT रुड़की द्वारा की गई।
वर्ष 2016 से स्वयं NPTEL पाठ्यक्रमों से जुड़े प्रो. उपाध्याय ने विभिन्न डोमेन में 79 ऑनलाइन सर्टिफिकेशन पूर्ण किए हैं तथा उन्हें अब तक 25 बार NPTEL Star के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने एलएनसीटी समूह के माननीय सचिव डॉ. अनुपम चौकसे को दिया, जिन्होंने वर्ष 2016 में LNCT में SWAYAM-NPTEL Local Chapter की स्थापना और शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को भारत सरकार के इस ऑनलाइन शिक्षा मंच से अधिकतम ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित किया था।
प्रो. उपाध्याय ने कहा कि एलएनसीटी समूह के प्रबंधन द्वारा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, ऑनलाइन सर्टिफिकेशन और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए विकसित किए गए उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण और नीतियों के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी है। उन्होंने यह भी बताया कि एलएनसीटी समूह की सभी संस्थाएँ लगातार SWAYAM-NPTEL Certification में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर एलएनसीटी समूह के चेयरमैन श्री जे. एन. चौकसे, वाइस चेयरपर्सन श्रीमती पूनम चौकसे एवं सचिव डॉ. अनुपम चौकसे ने सभी NPTEL शिक्षार्थियों को बधाई देते हुए शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक SWAYAM-NPTEL पाठ्यक्रमों में भाग लेकर अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एलएनसीटी समूह के 8 NPTEL Star Learners ने सहभागिता की। इस अवसर पर आईआईटी रुड़की, आईआईटी मद्रास तथा आईआईटी दिल्ली के वरिष्ठ शिक्षाविदों एवं NPTEL टीम के सदस्यों की उपस्थिति रही। प्रो. उपाध्याय ने विशेष रूप से सुश्री भारथी (Operations Head, IIT Madras) तथा प्रो. एंड्रयू थंगराज (Chair-CODE, IIT Madras) का प्रेरणा एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं डॉ. अशोक राय, डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन, प्राचार्य एवं विभागाध्यक्षों ने भी सभी NPTEL शिक्षार्थियों को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएँ दीं।